March 8, 2026 2:14 am

[the_ad id="14531"]

MP के बड़वानी में वीडियो में कैद हुआ वो रहस्यमयी जानवर! 6 लोगों की ले चुका है जान, 17 को सोते समय काटा

मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के ग्रामीण इलाकों में इन दिनों खौफ का माहौल है. लोग अपने घर से बाहर निकलने में भी डर रहे हैं. दरअसल, यहां एक अज्ञात जानवर करीब 17 लोगों को काट चुका है, जिसमें 6 लोगों की मौत भी हो गई है. इस बीच एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें उस रहस्यमयी खूंखार जानवर के होने की बात कही जा रही है.

राजपुर के पास भिंगोरा गांव के किसान ने दावा किया है कि वीडियो में नजर आने वाला जानवर ही लोगों को काट रहा है. दरअसल, वीडियो में एक लकड़बग्घा नजर आ रहा है. लकड़बग्घे के पीछे कुत्ते भौंकते दिखाई दे रहे हैं.  किसान की सूचना पर फॉरेस्ट और पुलिस विभाग की टीम मौके पर पहुंची. आशंका जताई जा रही है कि ग्रामीणों पर हमला करने वाला लकड़बग्घा हो सकता है. बता दें कि  5 मई को अज्ञात जानवर ने 17 लोगों को जख्मी किया था जिसमें से 6 लोगों की मौत हो चुकी है.

क्या कहते हैं अधिकारी? 

इस मामले में गुत्थी सुलझाने के लिए अलग-अलग सरकारी विभागों ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों के मुताबिक पहली नजर में संदेह है कि यह जानवर रेबीज वायरस से संक्रमित था, लेकिन फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है. विकासखंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) डॉ. देवेंद्र रोमड़े ने ‘‘पीटीआई-भाषा” को बताया कि बड़वानी जिले के ग्रामीण क्षेत्र में पांच मई को तड़के अज्ञात जानवर ने 17 लोगों को काटा था जिसकी जानकारी मिलने के बाद उन्हें रेबीज रोधी इंजेक्शन लगाया गया था. उन्होंने बताया कि 23 मई से दो जून तक इनमें से छह लोगों की मौत हो गयी.

जानवर की तलाश जारी… 

बड़वानी के वन मंडलाधिकारी (डीएफओ) आशीष बंसोड़ ने बताया,‘‘अज्ञात जानवर ने करीब तीन घंटे के भीतर 17 लोगों को काटा था. इससे लगता है कि यह जानवर रेबीज वायरस से संक्रमित रहा होगा. हम इस जानवर को लगातार तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक उसका पता नहीं चल सका है.”

डीएफओ ने बताया कि इस जानवर ने सूर्योदय से पहले जिस लिम्बई गांव में सोते हुए लोगों पर हमला किया, वह वन सीमा से करीब 4.50 किलोमीटर दूर है. उन्होंने बताया,‘‘ये लोग गर्मी के चलते अपने घरों के बाहर खुले में सो रहे थे. उनका कहना है कि यह जानवर कुत्ते जैसा दिख रहा था, लेकिन फिलहाल इस जीव की पहचान नहीं हो सकी है.”

बहरहाल सवाल यह भी उठ रहा है कि अगर अज्ञात जानवर के हमले से पीड़ित सभी 17 लोगों को वक्त पर रेबीज रोधी इंजेक्शन दे दिया गया था, तो इनमें से छह लोगों की मौत कैसे हो गई?

sanchar bharat
Author: sanchar bharat

Leave a Comment

[youtube-feed feed=1]
Advertisement
[the_ad_group id="33"]
[the_ad_group id="189"]